11 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और पक्के आवास का सपना साकार करने का सशक्त माध्यम बन रही है। इसी कड़ी में खैरागढ़ जिले के ग्राम सलोनी में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही श्रीमती रमाबाई और श्री सुदामा के नवनिर्मित आवासों का उद्घाटन किया। मंत्री ने दोनों हितग्राहियों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और नए घर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हितग्राहियों को उपहार भी भेंट किए। अपना पक्का घर मिलने से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल रहा।

श्रीमती रमाबाई ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से वर्षों से देखा जा रहा पक्के घर का सपना अब पूरा हुआ है। आवास निर्माण के लिए शासन से मिली सहायता के साथ उन्होंने स्वयं भी लगभग 3 लाख रुपये की राशि लगाई। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को अपने पक्के घर का सपना पूरा करने का अवसर मिल रहा है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने हितग्राहियों से आत्मीयता से बातचीत कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली राशि और उसके उपयोग के संबंध में भी जानकारी ली। श्रीमती रमाबाई ने बताया कि महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग किराना सामग्री एवं परिवार की घरेलू जरूरतों को पूरा करने में किया जाता है।
श्रीमती राजवाड़े ने हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के साथ अपने स्वास्थ्य और परिवार की बेहतर देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल पक्का मकान उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। अपना घर मिलने से परिवारों में सुरक्षा, आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति नई उम्मीद का संचार होता है।
नवनिर्मित आवासों के उद्घाटन के अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने दोनों परिवारों के साथ आत्मीय क्षण साझा किए और नए घर में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पक्के आवास के रूप में मिली यह सौगात हितग्राही परिवारों के लिए बेहतर जीवन की नई शुरुआत का आधार बनी है।






