अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नॉर्थ जोन पुलिस ने डीजल के अवैध परिवहन का मामला पकड़ा है। खमतराई थाना पुलिस ने 7 ड्रमों में भरा करीब 1,400 लीटर डीजल जब्त किया है। इस मामले में परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा इंट्रा वाहन समेत करीब 6.40 लाख रुपये का मशरूका जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना खमतराई पुलिस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है।पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को टाउन भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भनपुरी की ओर से खमतराई की तरफ आने वाले एक मेटाडोर वाहन में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ डीजल लाया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद थाना खमतराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए वाहन की घेराबंदी कर चेकिंग की।





