15 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दे रही है। सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड की ग्राम पंचायत समोली की तीन महिलाओं को योजना के तहत 40-40 हजार रुपये की ऋण सहायता मिली है। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाली ये महिलाएं अब अपने व्यवसाय शुरू कर आजीविका के नए साधन विकसित करेंगी।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने महिलाओं को ऋण सहायता के चेक प्रदान किए। उन्होंने उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल उपस्थित रहे।
योजना से लाभान्वित श्रीमती सुमन, पति श्री करण, किराना दुकान का संचालन करेंगी। श्रीमती बाबी, पति श्री गुलाब चंद, बांस से बनी सामग्री का निर्माण और खरीद-बिक्री करेंगी। वहीं श्रीमती राखी, पति श्री अजेश्वर, सूपा, डलिया सहित बांस से निर्मित विभिन्न सामग्री बनाकर उसका विक्रय करेंगी।
तीनों महिलाएं अब तक मजदूरी के जरिए अपने परिवार की जरूरतें पूरी करती थीं। सक्षम योजना से मिली ऋण सहायता उनके लिए व्यवसाय शुरू करने और आय का नया स्रोत बनाने का अवसर लेकर आई है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ उन्हें अपनी हुनर और मेहनत के दम पर नई पहचान बनाने में भी मदद मिलेगी।
छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में संचालित की जा रही है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।





