मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर धान खरीदी व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए प्रदेश के सचिवालय से लेकर सभी जिलों के अधिकारियों ने भी मैदान पर उतर कर मोर्चा संभाल लिया है। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने 01 दिसंबर को धान संग्रहण केंद्रों का दौरा कर जायजा लिया था। आज सचिव स्तर के अधिकारियों ने भी संग्रहण केंद्रों का दौरा किया। जिलों में संभाग आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने भी संग्रहण केंद्रों में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । अधिकारियों द्वारा किसानों से चर्चा कर उनसे फीडबैक भी प्राप्त किया जा रहा है। प्रदेश के दूरस्थ और सीमावर्ती जिले बलरामपुर-रामानुजगंज के धान खरीदी केंद्रों में वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ ने खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। महासमुंद जिले में ग्रामोद्योग विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती मनिंदर कौर द्विवेदी ने, दुर्ग जिले में लोक निर्माण विभाग और मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने, बेमेतरा और मुंगेली जिले में तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव सुश्री रीता शांडिल्य ने, बिलासपुर जिले के कोटा में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक झा ने विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का जायजा लिया।